अंतरराष्ट्रीय

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इस देश का स्कूल, छात्र ने चलाईं अंधाधुंध गोलियां, कई घायल

डेस्क: थाईलैंड में एक बार फिर स्कूल शूटिंग की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राजधानी बैंकॉक के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोनथाबुरी प्रांत के एक प्रसिद्ध स्कूल में छात्र द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। फिलहाल हमले में मारे गए या घायल हुए लोगों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह खौफनाक वारदात नोनथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुआई जिले में स्थित ‘देबसिरिन नोनथाबुरी स्कूल’ में हुई। पुलिस विभाग ने पुष्टि की है कि गोलीबारी करने वाला हमलावर उसी स्कूल का एक छात्र है।
हालांकि, छात्र की पहचान और हमले के पीछे की वजहों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है। प्लाई बैंग उपजिले के पुलिस प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल पासाकोर्न चैताविवोंग ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में राहत कार्य जारी है और हताहतों की कुल संख्या की पुष्टि की जा रही हैl

घटनास्थल से आ रही तस्वीरों में स्थिति की गंभीरता को देखा जा सकता है। एम्बुलेंस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर से डरे-सहमे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। एम्बुलेंस के पास स्ट्रेचर पर घायलों का इलाज किया जा रहा है और गंभीर रूप से प्रभावित लोगों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।
थाईलैंड के शिक्षण संस्थानों में गोलीबारी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई (Hat Yai) जिले के एक स्कूल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में एक शिक्षक की जान चली गई थी जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस ताजा घटना के बाद देश में गन कंट्रोल और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *