खेल

कौन हैं नील पटेल? भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम में चुने गए भारतीय मूल के स्टार बल्लेबाज

डेस्क: भारतीय मूल के युवा क्रिकेटर नील पटेल को ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम में भारत दौरे के लिए जगह मिली है। न्यू साउथ वेल्स के इस होनहार बल्लेबाज का चयन सितंबर में होने वाले भारत दौरे के लिए 16 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में किया गया है। नील ने जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा और अब उन्हें भारत के खिलाफ खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिलेगा।
भारत दौरे पर खेलेगी ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम सितंबर से भारत के दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और दो चार दिवसीय (यूथ टेस्ट) मुकाबले खेले जाएंगे। यह दौरा लगभग एक महीने तक चलेगा। मुकाबले राजकोट और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। यह सीरीज दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के लिए भविष्य की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
कौन हैं नील पटेल?
नील पटेल भारतीय मूल के क्रिकेटर हैं, जो न्यू साउथ वेल्स (NSW) से क्रिकेट खेलते हैं। वह मुख्य रूप से ओपनिंग बल्लेबाज हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स (UNSW) क्रिकेट क्लब से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और शानदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं की नजरों में आए।
16 साल की उम्र में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नील पटेल ने महज 16 साल की उम्र में सिडनी प्रीमियर क्रिकेट फर्स्ट ग्रेड में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान 1000 से ज्यादा रन बनाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने फर्स्ट ग्रेड क्रिकेट में अपना पहला शतक भी लगाया और लगातार बेहतरीन बल्लेबाजी से खुद को ऑस्ट्रेलिया के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में शामिल कर लिया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के टैलेंट कैंप में भी मिली जगह
नील के शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें तब मिला जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें अंडर-19 मेंस टैलेंट कैंप के लिए चुना। एडिलेड में आयोजित इस कैंप में देश के सर्वश्रेष्ठ उभरते खिलाड़ियों को बुलाया गया था। फिलहाल नील पटेल न्यू साउथ वेल्स की जूनियर टीम का हिस्सा हैं। उनकी पहचान ऐसे बल्लेबाज के रूप में बन रही है जो लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं और अपनी विकेट को काफी अहमियत देते हैं। बल्लेबाजी के अलावा उनकी ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
भारत दौरे पर रहेगा खास नजरिया
भारत दौरे पर नील पटेल के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। भारतीय मूल के होने के कारण यह दौरा उनके लिए भावनात्मक रूप से भी खास होगा। अगर वह इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भविष्य में ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम तक पहुंचने की उनकी राह और मजबूत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *