अंतरराष्ट्रीय

होर्मुज पर ईरान सख्‍त, वैकल्पिक समुद्री मार्ग बनाने पर अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाने की दी धमकी

डेस्क: होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर ईरान (Iran) ने अमेरिका (America) को सख्त संदेश दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार और एक्सपीडियेंसी काउंसिल के सदस्य जनरल मोहसिन रेजाई (General Mohsen Rezaei) ने कहा है कि यदि मौजूदा समुद्री मार्ग के अलावा दूसरा रास्ता विकसित करने के लिए अमेरिकी युद्धपोत तैनात किए गए, तो ईरानी सेना उन्हें निशाना बनाएगी।
रेजाई ने सरकारी मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान किसी भी कीमत पर होर्मुज में वैकल्पिक मार्ग स्वीकार नहीं करेगा। उनके मुताबिक, अमेरिका को पहले अपने व्यवहार में बदलाव के स्पष्ट संकेत देने होंगे।
समुद्री नाकेबंदी पर भी दी चेतावनी
मोहसिन रेजाई ने कहा कि यदि अमेरिका समुद्री नाकेबंदी जारी रखता है और ईरान की चिंताओं को नजरअंदाज करता है, तो अमेरिकी जहाजों और सैन्य ठिकानों के लिए गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही अमेरिका कुछ प्रमुख शर्तों को मानना शुरू करेगा, तभी ईरान इसे सकारात्मक बदलाव मानेगा।

ईरान बोला- ओमान से हो रही है केवल सुरक्षा पर चर्चा
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने स्पष्ट किया कि फिलहाल अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की प्रत्यक्ष वार्ता नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि केवल ओमान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर चर्चा हो रही है तथा नए समाधान तलाशे जा रहे हैं। बघाई ने यह भी कहा कि निकट भविष्य में न तो कोई विदेशी प्रतिनिधिमंडल ईरान आएगा और न ही ईरानी वार्ताकार विदेश जाएंगे। विदेश मंत्री अब्बास अराकची फिलहाल इराक की धार्मिक यात्रा पर हैं।
ट्रंप ने बातचीत का किया दावा
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही औपचारिक वार्ता आगे बढ़ेगी। उनके अनुसार, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कतर सहित कई देशों के आग्रह पर यह संवाद आगे बढ़ाया जा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका चाहता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से सामान्य रूप से खुले और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर समाधान निकले।
ट्रंप के दावे को ईरान ने किया खारिज
हालांकि, ईरान ने ट्रंप के दावों को सिरे से नकारते हुए कहा कि अमेरिका के साथ न तो कोई बैठक तय है और न ही किसी वार्ता की तैयारी चल रही है। इसके बावजूद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईरानी नेतृत्व ने बातचीत की इच्छा जताई है और भविष्य में वार्ता की संभावना बनी हुई है।
वैश्विक बाजार की नजर होर्मुज पर
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा मार्गों में से एक है। वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, ट्रंप के बातचीत संबंधी बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *