अंतरराष्ट्रीय

चीन में भारतीयों ने जताई चिंता, सोशल मीडिया पर भारत विरोधी कंटेंट और वीजा प्रतिबंध का मुद्दा उठा

डेस्क: चीन (China) में रह रहे भारतीय समुदाय (Indian community) ने बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास (Indian Embassy) के ‘ओपन हाउस’ कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर बढ़ती भारत-विरोधी सामग्री, कार्य वीजा में कमी और भारतीयों से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। भारतीय राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने समुदाय की चिंताओं पर चर्चा करते हुए समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

सोशल मीडिया और वीजा सबसे बड़ी चिंता
शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय पेशेवरों ने भाग लिया। बैठक के दौरान चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीयों, उनकी संस्कृति और खान-पान के खिलाफ प्रसारित हो रही आपत्तिजनक सामग्री पर चिंता जताई गई। इसके अलावा भारतीय पेशेवरों को जारी किए जाने वाले वर्क वीजा में कमी, उनके जीवनसाथियों के रोजगार पर प्रतिबंध और दूतावास संबंधी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया गया।
चीनी अधिकारियों से लगातार संवाद
मई में चीन में भारत के राजदूत का पद संभालने वाले विक्रम दुरईस्वामी ने बताया कि इन विषयों पर चीनी अधिकारियों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह से भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने वाले चीनी नागरिकों के लिए दस्तावेज़ी प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा, ताकि दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

भ्रामक जानकारी का तथ्यों से जवाब
भारत-विरोधी सामग्री को लेकर राजदूत ने कहा कि चीनी सरकार भी इस तरह की पोस्ट में बढ़ोतरी को लेकर चिंतित है और इससे निपटने के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से तथ्यात्मक जानकारी साझा कर भ्रामक और गलत सूचनाओं का जवाब दे रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और कानूनी सहायता की तैयारी
राजदूत ने कहा कि भारतीय संस्कृति और व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए दूतावास भविष्य में वसंत मेला जैसे और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके साथ ही कार्यस्थल से जुड़े विवादों का सामना कर रहे भारतीयों की मदद के लिए कानूनी विशेषज्ञों के सहयोग से एक सहायता व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय समुदाय की समस्याओं के समाधान और दूतावास सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी समय-समय पर ‘ओपन हाउस’ कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *