खेल

भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदलने पर भड़के पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा, बोले- यह शर्मनाक है

डेस्क:भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा ने भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। वीरेन टीम की जर्सी का रंग नीले से ऑरेंज किए जाने से काफी नाखुश हैं। उन्होंने हॉकी इंडिया के इस कदम को शर्मनाक बताया है। वीरेन रस्किन्हा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “मुझे कहना होगा कि हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी के लिए बहुत अच्छे काम किए हैं, लेकिन यह शर्मनाक है। भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा से ब्लू (नीला) रही है। मैंने कई वर्षों तक शान से ब्लू जर्सी पहनी है। फैंस हमारी इंडियन टीम को ब्लू रंग में देखना चाहते हैं। ऑरेंज रंग का क्या लॉजिक है?” गौरतलब है कि हॉकी इंडिया ने सोमवार को बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में होने वाले एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की नई जर्सी को लॉन्च किया था। पुरानी के मुकाबले नई जर्सी को पूरी तरह से बदल दिया गया है। जर्सी के रंग को नीले की जगह ऑरेंज करने के साथ-साथ डिजाइन में भी काफी बदलाव किए गए हैं। हॉकी विश्व कप की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है और फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को खेला जाएगा।
भारतीय टीम को ग्रुप डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम की अगली भिड़ंत 17 अगस्त को इंग्लैंड से होगी। 19 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा।
पाकिस्तान के खिलाफ पिछले कुछ समय से भारतीय टीम का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला है। कुल 16 टीमों को चार-चार के पूल में बांटा गया है। हर पूल से कुल दो टीमें अगले राउंड में जगह बनाएंगी। 8 टीमों को दो ग्रुप में फिर से बांटा जाएगा, जिसके बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *