डेस्क:ग्रेटर नोएडा,। ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने की पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 28 जुलाई को जारचा की पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम दादूपुर नहर की पटरी के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान दोनों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। पूछताछ में दोनों ने हाल ही में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेद प्रकाश पुत्र संजय निवासी जैतपुर, थाना सूरजपुर, जनपद गौतमबुद्धनगर (उम्र लगभग 20 वर्ष) तथा धीरज पुत्र किशन निवासी परसोली, थाना नौहझील, जिला मथुरा, हाल निवासी किराए का मकान, डेल्टा-1, ग्रेटर नोएडा (उम्र लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 22 जुलाई को ग्राम पटाड़ी में मोटरसाइकिल चोरी की थी। इस संबंध में थाना जारचा में मामला पहले से दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
इसके अलावा एक आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमे के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जारचा थाने की पुलिस का कहना है कि जनपद में वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

