श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक बस मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क से फिसल गई और पास के एक मकान पर जा गिरी। हादसे में 39 श्रद्धालु घायल हो गए।

स्थानीय लोगों, सुरक्षा बलों और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी घायलों का हाल जाना और अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

