डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीओ,डीसीएलआर, अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ की समीक्षा बैठक
दरभंगा, 27 जुलाई 2026 :- जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), डीसीएलआर, अंचलाधिकारियों एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने परिमार्जन (म्यूटेशन सुधार) के लंबित सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया। समीक्षा में यह जानकारी सामने आई कि 2,814 आवेदन अंचलाधिकारियों के स्तर पर तथा 3,369 आवेदन राजस्व कर्मचारियों के लॉगिन में लंबित हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों से पर्चा वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि उपलब्ध सरकारी भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर आवश्यक अभिलेख तैयार किए जाएं,ताकि पात्र लाभुकों को समय पर पर्चा उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जहां पूर्व से भूमिहीन परिवार निवास कर रहे हैं,वहां उनकी पहचान कर भूमि की मापी कराते हुए नियमानुसार पर्चा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने जिले के तीनों डीसीएलआर को पर्चा वितरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने, सभी आवश्यक अभिलेखों का समय पर संधारण सुनिश्चित करने तथा कार्यों की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं पात्र मामलों में शीघ्र आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से संबंधित सभी सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार उपस्थित थे।
जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

