मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अवैध रूप से रह रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को कथित तौर पर नेपाल फरार होने के प्रयास के दौरान सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया। मोतीहारी से अधिकारियों ने आज (शनिवार) यह जानकारी दी।
यह गिरफ्तारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मोतिहारी पुलिस के साथ एक साझा कार्रवाई में बृहस्पतिवार को जिले के मैत्री पुल के पास की।
गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान के खोंकक गांव की रहने वाली शाकरजोन बोजोरोवा (31) के रूप में हुई है।
मोतिहारी पुलिस की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि वह पिछले एक साल से मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में हरैया पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आव्रजन व विदेशी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि महिला के पास से दो मोबाइल फोन, दो बैग, एक पेन ड्राइव, अमेरिकी डॉलर, 100 रुपये की भारतीय मुद्रा और 62,100 रुपये की नेपाली मुद्रा जब्त की गई है।

