खेल

रोहित के माता-पिता अचानक पहुंचे लंदन, लॉर्ड्स वनडे के बाद संन्यास तय!

डेस्क: भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक रोहित शर्मा के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाने वाला तीसरा और आखिरी मुकाबला रोहित शर्मा के वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित के माता-पिता गुरुनाथ शर्मा और पूर्णिमा शर्मा अपने बेटे के इस आखिरी मैच के गवाह बनने के लिए लंदन पहुंच चुके हैं. जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित आखिरी बार भारतीय जर्सी में खेलते नजर आएंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर ने पिछले हफ्ते ही रोहित शर्मा से मुलाकात कर टीम इंडिया के लॉन्ग-टर्म प्लान के बारे में चर्चा की थी. सेलेक्टर्स ने साफ कर दिया था कि वो साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिहाज से रोहित के नाम पर विचार नहीं कर रहे हैं और यह उनकी आखिरी इंटरनेशनल सीरीज हो सकती है. सेलेक्शन कमेटी अब युवा खिलाड़ियों पर ध्यान देना चाहती है, जिसमें यशस्वी जायसवाल को भविष्य के सलामी बल्लेबाज के रूप में एक बड़ी भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है.

जिसके चलते रोहित शर्मा के माता-पिता लंदन पहुंच गए हैं और माना जा रहा है कि आखिरी वनडे मैच को देखने के लिए वो लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में मौजूद रहेंगे. हालांकि, रोहित शर्मा का ये आखिरी मैच होगा या नहीं इसका अभी तक कोई ऐलान नहीं हुआ है और ना ही बीसीसीआई की ओर से कोई बयान सामने आया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान के खिलाफ हुई वनडे सीरीज ही रोहित की आखिरी सीरीज होने वाली थी, लेकिन उस सीरीज में उनके बल्ले से निकले एक अर्धशतक के कारण सेलेक्टर्स ने इस फैसले को कुछ समय के लिए आगे बढ़ा दिया था. हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में रोहित का बल्ला पूरी तरह शांत रहा है. पहले वनडे में 11 रन बनाने के बाद वो कार्डिफ में खेले गए दूसरे मैच में 47 गेंदों पर 26 रन ही बना सके. जिसने आखिरकार उन्हें इस बड़े फैसले की तरफ धकेल दिया.
रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट के दो फॉर्मेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं. 29 जून 2024 को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में भारत को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने के तुरंत बाद उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था. इसके बाद, मई 2025 में उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया था. अब लॉर्ड्स में वो अपने 50 ओवर के फॉर्मेट के सफर पर भी पूर्णविराम लगा सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *