उत्तर प्रदेश

2017 से पहले रोजगार और निवेश का माहौल चौपट था, आज कौशल और सुरक्षा से यूपी बना विकास का इंजन : सीएम योगी

डेस्क:लखनऊ । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर मंगलवार को कहा कि किसी प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है, जब युवाओं को समान अवसर और कौशल विकास का मजबूत आधार मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज अपनी विशाल युवा आबादी को ‘डेमोग्राफिक डिविडेंड’ में बदलते हुए कौशल विकास के जरिए अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की प्रदेश सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय युवाओं के सामने शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और पहचान का संकट था, जबकि आज प्रदेश निवेश, रोजगार और कौशल विकास का केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति वाला प्रदेश है। सरकार इस युवा शक्ति को कौशल विकास से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित था। शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी, कौशल विकास की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं थी और रोजगार के अवसर भी सीमित थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था और भर्ती प्रक्रियाएं विवादों में घिरी रहती थीं, जिसके कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था। योगी ने कहा कि समस्या उत्तर प्रदेश की नहीं थी, बल्कि उस समय की सरकारों की कार्यशैली और सोच की थी।
उन्होंने कहा कि जो सरकार युवाओं को रोजगार न दे सके, कारीगरों को पलायन के लिए मजबूर कर दे और किसानों की उपेक्षा करे, वह जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने के बाद निवेश का माहौल बना और बड़े निवेशकों का विश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सक्रिय एमएसएमई क्षेत्र आधार का काम करते हैं। पहले असुरक्षा के कारण निवेश नहीं आता था और छोटे उद्योग भी प्रभावित थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि आज बनारसी साड़ी वैश्विक पहचान बना रही है जबकि पहले बनारस की पहचान अलग कारणों से होती थी। इसी तरह आजमगढ़ की छवि भी बदली है और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा का नया वातावरण स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को कौशल, रोजगार और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराकर उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *