दरभंगा:(सुरज ठाकुर)। जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बारिश के पानी से भरे जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-7 निवासी गणेशजी दास के 34 वर्षीय पुत्र रामसुधीन टाटी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के बड़े भाई शंकर कुमार दास ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे रामसुधीन खेत जा रहे थे। बारिश के कारण चारों ओर पानी भरा हुआ था, जिससे उन्हें गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका। रास्ते में जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में वह गिर गए। तैरना नहीं आने के कारण उनकी मौके पर ही डूबकर मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने काफी देर तक तलाश की। खोजबीन के दौरान रामसुधीन का शव गड्ढे में मिला। लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार वाले उन्हें घर ले आए। सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा वही थे। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है ताकि मृतक के बच्चों का भरण-पोषण और उनकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च चल सके।

