अन्य

17वें दिन भी जारी सोनम वांगचुक का अनशन, 1800 से अधिक हस्तियों ने की अनशन खत्म करने की अपील

नई दिल्ली: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर जारी आमरण अनशन बुधवार को 17वें दिन भी जारी रहा। इस बीच देशभर की 1800 से अधिक प्रमुख हस्तियों ने उन्हें “देश की धरोहर” बताते हुए स्वास्थ्य का हवाला देकर अनशन समाप्त करने की अपील की है। खुले पत्र पर कलाकारों, लेखकों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए हैं।

वहीं, कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी नेता रोहित पवार समेत कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए अनशन समाप्त करने का आग्रह किया है। अभिनेता ओमी वैद्य ने भी भावुक संदेश जारी कर कहा कि वांगचुक जैसे लोगों का सुरक्षित रहना देश के लिए जरूरी है।

दूसरी ओर, जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को भी समर्थन के लिए आमंत्रित किया गया है। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अभिनेता-राजनेता थलपति विजय सहित कई प्रमुख नेताओं को आंदोलन स्थल पर आने का निमंत्रण भेजा गया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी आंदोलन के समर्थन का ऐलान करते हुए जंतर-मंतर पहुंचने की बात कही है।

धरना स्थल पर दिन-रात युवाओं की मौजूदगी बनी हुई है। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *