दरभंगा:13 जुलाई 2026:-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सभी अनुमंडलों के भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान समिति के सचिव-सह-जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने कार्य सूची प्रस्तुत करते हुए सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, दरभंगा के लिए स्पर्श (SPARSH) सेंटर हेतु कार्यालय उपलब्ध कराने, भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित भूमि विवादों का त्वरित निष्पादन, सैनिक हेल्प डेस्क को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने तथा बिहार सरकार के रिक्त पदों पर भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों को बैठक के समक्ष रखा।
बैठक में कर्पूरी चौक से ईसीएचएस (ECHS) पॉलीक्लिनिक जाने वाली सड़क का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने सहित अन्य सैनिक कल्याण संबंधी बिन्दुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सैनिक हेल्प डेस्क में लंबित मामलों एवं समस्याओं की अद्यतन सूची तैयार कर अगली अनुश्रवण समिति की बैठक में प्रस्तुत करें, ताकि सभी मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की गई।

