दरभंगा

लव मैरिज के डेढ़ महीने बाद किशोरी की संदिग्ध मौत, गला दबाकर हत्या का आरोप

मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के परसा गांव में 16 वर्षीय रेशमी कुमारी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि रेशमी की गला दबाकर हत्या की गई है।

बताया जा रहा है कि रेशमी ने 23 अप्रैल को प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात कॉलेज में हुई थी, जहां से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। परिवार के अनुसार, शादी के बाद रेशमी अपने पति के साथ दिल्ली चली गई थी और करीब डेढ़ महीने बाद वापस गांव लौटी थी।

परिजनों का कहना है कि 8 जुलाई से रेशमी का कोई पता नहीं चल रहा था। घर पास में होने के कारण उन्हें शक हुआ। जब वे ससुराल पहुंचे तो उन्हें आंगन में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में तलाशी के दौरान 10 जुलाई की रात करीब 11 बजे शव बरामद हुआ।

मृतका के परिजनों ने सास अमीरा देवी, पति, ननद और मामा पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नोट: आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस जांच और आधिकारिक निष्कर्ष आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *