खेल

विंबलडन देखने पहुंचे वैभव सूर्यवंशी ने खोले दिल के राज, बताया कौन है उनका टेनिस आइडल

डेस्क: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट से इतर अपने पसंदीदा खेल टेनिस को लेकर दिलचस्प खुलासे किए हैं। युवा बल्लेबाज ने बताया कि नोवाक जोकोविच उनके सबसे बड़े टेनिस आइडल हैं। वहीं अगर कभी उन्हें टेनिस डबल्स खेलना पड़े तो वह अपने ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा को ही साथ रखना चाहेंगे। वैभव ने साथ ही कार्लोस अल्काराज और जानिक सिनर की भी जमकर तारीफ की।
जोकोविच हैं सबसे बड़े आइडल
जियोस्टार से बातचीत में वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच साल से टेनिस को करीब से फॉलो कर रहे हैं। बचपन में उन्होंने राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच दोनों को खूब देखा, लेकिन अब वह जोकोविच के सबसे बड़े प्रशंसक हैं। ‘मैं पिछले चार-पांच साल से टेनिस देख रहा हूं। पहले नडाल और जोकोविच दोनों को काफी फॉलो करता था। अब मैं जोकोविच का बड़ा फैन हूं, लेकिन दोनों खिलाड़ियों को हमेशा करीब से देखा है।’
अभिषेक शर्मा को चुना अपना टेनिस पार्टनर
जब वैभव से पूछा गया कि अगर उन्हें टेनिस डबल्स खेलना पड़े तो वह किस क्रिकेटर को अपना पार्टनर बनाएंगे, तो उन्होंने बिना देर किए अभिषेक शर्मा का नाम लिया। उन्होंने कहा, ‘मैं अभिषेक भैया को चुनूंगा। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में मेरे ओपनिंग पार्टनर हैं। उनके साथ बल्लेबाजी करने में मुझे बहुत मजा आता है, इसलिए टेनिस में भी मैं उन्हें ही अपना डबल्स पार्टनर बनाना चाहूंगा।’
अल्काराज और सिनर से मिलती है प्रेरणा
वैभव ने मौजूदा दौर के टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज और जानिक सिनर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों जिस तरह टेनिस पर अपना दबदबा बना रहे हैं, वह दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। ‘मुझे मौजूदा खिलाड़ियों में अल्काराज और सिनर दोनों बहुत पसंद हैं। जिस तरह वे खेल पर राज कर रहे हैं, वैसा ही मैं क्रिकेट में करना चाहता हूं। उन्हें खेलते देखना शानदार लगता है और इससे सिर्फ युवा क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि हर खेल के खिलाड़ी प्रेरित होते हैं।’
विंबलडन फाइनल को लेकर की थी सही भविष्यवाणी
वैभव ने विंबलडन 2026 के फाइनल से पहले ही जानिक सिनर के खिताब जीतने की भविष्यवाणी की थी, जो बिल्कुल सही साबित हुई। विश्व नंबर-1 सिनर ने फाइनल में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-7(7), 7-6(2), 6-3, 6-4 से हराकर लगातार दूसरा विंबलडन खिताब अपने नाम किया। यह सिनर का पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब और 2026 सीजन का पहला मेजर खिताब भी रहा। जीत के बाद उन्होंने अपनी टीम का धन्यवाद किया और ज्वेरेव के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *