अंतरराष्ट्रीय

वियतनाम नाव हादसा : 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर मुंबई पहुंचे, अंतिम संस्कार के लिए गृह राज्यों को भेजे गए

डेस्क : वियतनाम में पिछले सप्ताह हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर सोमवार रात भारत लाए गए। वियतनाम एयरलाइंस की एक विशेष उड़ान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हो ची मिन्ह सिटी से उड़ान VN 979 रात करीब 9:19 बजे मुंबई पहुंची। एयरपोर्ट पर पीड़ितों के परिजन और सरकारी अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद पार्थिव शरीरों को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह राज्यों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पार्थिव शरीरों को कोयंबटूर, चेन्नई, हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम भेजा जा रहा है, जहां परिजन अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
फु क्वोक द्वीप के पास हुआ था हादसा
यह हादसा शुक्रवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुआ था। भारतीय पर्यटकों का एक समूह स्पीडबोट से घूमकर लौट रहा था, तभी नाव पलट गई। नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार वियतनामी चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसा होन मे रट नगोई द्वीप से करीब 400 मीटर की दूरी पर हुआ। इस दुर्घटना में 16 भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया। इलाज के बाद वे भारत लौट चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *