उत्तर प्रदेश

आजमगढ़: शादी समारोह में युवक की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

डेस्क:आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, 7-8 जुलाई की रात को आजमगढ़ जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में एक शादी समारोह था। समारोह में भोजन को लेकर हुए दो युवकों में विवाद हुआ, जिसने कुछ देर में ही हिंसक रूप ले लिया। दोनों तरफ से लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। मारपीट के दौरान प्रीतोष राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने कहा कि इस गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि 9 जुलाई को पुलिस टीम ने एक संदिग्ध अभियुक्त को रोकने का प्रयास किया, लेकिन अभियुक्त ने भागने की कोशिश की। इस दौरान घिरने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। तभी अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ शादी समारोह में भोजन को लेकर हुए विवाद के दौरान प्रितोष राजभर पर लाठी-डंडों से हमला करने की बात स्वीकार की। अधिकारियों ने बताया कि घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *