दरभंगा:09 जुलाई 2026 सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना सिमरी क्षेत्र के शोभन (एन.एच.) के समीप एक तीन पहिया वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 146.880 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में वैशाली जिला के गोरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी चांदपुर खुर्द निवासी मोहम्मद सहीम एवं रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब के साथ प्रयुक्त तीन पहिया वाहन को भी विधिवत जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल मद्य निषेध विभाग अथवा पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

