खेल

नारोडित्स्की मेमोरियल : जावोखिर सिंदारोव ने रैपिड और ब्लिट्ज दोनों खिताब जीते

डेस्क: शार्लोट, यूएसए (निकलेश जैन)। भारत के वर्तमान विश्व चैंपियन डी गुकेश के ताज को इस साल के अंत में चुनौती देने जा रहे उजबेकिस्तान के युवा ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है उन्होंने ने पहले नारोडित्स्की मेमोरियल रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए रैपिड और ब्लिट्ज दोनों खिताब अपने नाम कर लिए। 3 से 5 जुलाई तक अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित शार्लोट के मैरियट सिटी सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में सिंदारोव ने अपनी बेहतरीन लय जारी रखते हुए दोहरी सफलता हासिल की।
50,000 अमेरिकी डॉलर की कुल पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में फीडे सर्किट अंक और यूएस चेस ग्रां प्री अंक भी दांव पर थे। प्रतियोगिता में दुनिया भर के पेशेवर और शौकिया खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि पहले संस्करण में खिलाड़ियों की संख्या 300 तक सीमित रखी गई थी।
रैपिड में अरविंद चितंबरम को टाईब्रेक में हराया
सात राउंड के रैपिड मास्टर्स में भारत के ग्रैंडमास्टर अरविंद चितंबरम और जावोखिर सिंदारोव दोनों ने 7 में से 6 अंक बनाकर संयुक्त पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद खेले गए ब्लिट्ज टाईब्रेक में सिंदारोव ने 2-0 से जीत दर्ज कर रैपिड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अरविंद का प्रदर्शन भी पूरे टूर्नामेंट में बेहद प्रभावशाली रहा और उन्होंने मजबूत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच संयुक्त पहला स्थान प्राप्त किया।
ब्लिट्ज में भी सिंदारोव का दबदबा
रैपिड खिताब जीतने के बाद सिंदारोव ने ब्लिट्ज फाइनल में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने 9 राउंड में 7.5 अंक बनाकर स्पष्ट बढ़त के साथ ब्लिट्ज का खिताब भी जीत लिया। अमेरिका के शीर्ष ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि नेशनल मास्टर ईथन शीहान ने 6 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर सभी को प्रभावित किया।
जॉन बार्थोलोम्यू बने क्रिएटर इनविटेशनल चैंपियन
टूर्नामेंट के अंतर्गत आयोजित पहले नारोडित्स्की मेमोरियल क्रिएटर इनविटेशनल का खिताब अंतरराष्ट्रीय मास्टर जॉन बार्थोलोम्यू ने शानदार अंदाज में जीता। उन्होंने सभी नौ मुकाबले जीतकर 9 में 9 अंकों का परफेक्ट स्कोर बनाया। लोकप्रिय शतरंज कंटेंट क्रिएटर और अंतरराष्ट्रीय मास्टर लेवी रोज़मैन (गॉथमचेस) 7 अंकों के साथ उपविजेता रहे।भारत की और से प्रसिद्ध शतरंज विशेषज्ञ इंटरनेशनल मास्टर सागर शाह नें इसमें भाग लिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *