अन्य

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद को भावभीनी विदाई,पटना में नई जिम्मेदारी संभालेंगे आशीष अमन ने प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी का पदभार ग्रहण किया

दरभंगा। दरभंगा के उप निदेशक जनसंपर्क सह प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सत्येंद्र प्रसाद के स्थानांतरण के उपरांत जिला जनसंपर्क कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। गौरतलब है उनका स्थानांतरण खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना में किया गया है। साथ ही उन्हें सहकारिता विभाग एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए सत्येंद्र प्रसाद ने कहा दरभंगा जिले में कार्यकाल के दौरान उन्हें मीडिया बंधुओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्यालय कर्मियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा दरभंगा की संस्कृति में अद्भुत मिठास है, यहां के लोग अत्यंत मिलनसार एवं सहयोगी हैं। उन्होंने अपने दो वर्ष चार माह के कार्यकाल को यादगार बताते हुए कहा इस अवधि में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने जिला जनसंपर्क कार्यालय के सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा सभी कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा,तत्परता, जिम्मेदारी के साथ किया,जिससे विभागीय कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन संभव हो सका।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीष कुमार आनंद ने कहा सर के साथ कार्य करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनकी कार्यशैली, अनुशासन,मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायक रहा है। इस अवसर पर राजेश कुमार ने कहा सर अत्यंत मिलनसार एवं सहयोगी अधिकारी हैं। वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं तथा उनके साथ कार्य करना हमेशा सुखद अनुभव रहा। विकास कुमार ने अपने संबोधन में कहा सत्येंद्र प्रसाद समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष बल देते थे और अपने मार्गदर्शन से सभी कर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहे। इस अवसर पर सहायक निदेशक, आशीष अमन ने जिला जनसंपर्क कार्यालय, दरभंगा के प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सत्येंद्र प्रसाद के उज्ज्वल भविष्य व नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया बंधु एवं अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *