

दरभंगा (सूरज ठाकुर) : जिले के फेकला थाना क्षेत्र के बरूआरा गांव में 22 वर्षीय विवाहिता खुशबू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों के अनुसार, खुशबू की शादी लगभग चार वर्ष पहले राजेश मुखिया से हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी है और वह लगभग तीन महीने की गर्भवती भी थीं। आरोप है कि शादी के बाद से अब तक करीब 5 लाख रुपये अलग-अलग समय पर ससुराल पक्ष को दिए गए, लेकिन दहेज की मांग और मारपीट बंद नहीं हुई।
घटना 8 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पति समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका के छोटे भाई रूपेश कुमार ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद सहित पूरे परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है।
फेकला थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

