दरभंगा:08 जुलाई 2026 प्रेक्षागृह,दरभंगा में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में रैयाम एवं सकरी चीनी मिल के लिए गन्ना क्षेत्र विस्तार विशेष अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों के सफल संचालन के लिए लगभग 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा किसानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि गन्ना क्षेत्र विस्तार के लिए संभावित गांवों का शीघ्र चिन्हीकरण किया जाए तथा प्रत्येक गांव एवं पंचायत स्तर पर किसानों के साथ नियमित बैठक आयोजित कर उन्हें गन्ना खेती के आर्थिक लाभ,उपलब्ध सरकारी योजनाओं, तकनीकी सहायता तथा प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को गन्ना की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि रैयाम चीनी मिल के लिए छह प्रखंड तथा सकरी चीनी मिल के लिए बारह प्रखंडों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा किसानों के बीच लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसानों को गन्ना किसान पंजीकरण एवं सहकारी समिति की सदस्यता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि किसान पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, इस लिए सभी किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को गन्ना किसान पंजीकरण, सहकारी समिति की सदस्यता, सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान गन्ना उत्पादन से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रखंड एवं जिला स्तर पर पोर्टल के माध्यम से किसानों के आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुगम बनाएं।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अभियान समिति के सदस्य प्रतिदिन गांव एवं पंचायत स्तर पर किसानों के साथ बैठक कर गन्ना खेती को बढ़ावा देंगे तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रोत्साहन प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे सीसीएस बिहार पोर्टल (ccs.bihar.gov.in) पर अपने डीबीटी आईडी के माध्यम से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें गन्ना विकास से संबंधित सभी सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
कार्यशाला में सहायक निदेशक ईख विकास विकास पदाधिकारी श्री अजीत कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, जिला ईख पदाधिकारी श्री पुष्कर राज, ईख प्रसार पदाधिकारी श्री राहुल देव, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित कृषि एवं सहकारिता विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

