अंतरराष्ट्रीय

पोलैंड के स्कूल में चाकू से हमला: सिरफिरे छात्र ने सात को किया लहूलुहान, दो की हालत गंभीर

डेस्क: उत्तर-पूर्वी पोलैंड के ऑस्ट्रोलेका शहर के एक स्कूल से चौकाने वाला मामला सामने आया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक 19 साल के एक छात्र ने कथित तौर पर सात लोगों को चाकू से हमला करके घायल कर दिया। इस हमले में दो गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आरोपी छात्र को शहर के बीच के पास पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रवक्ता कतार्जिना कुचार्स्का ने टेलीफोन पर बताया कि घायलों की ये संख्या शुरुआती है। इसमें बदलाव भी हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें किसी की मौत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।

घटना को लेकर पुलिस ने भी अपने एक्स हैंडल पर जानकारी साझा की। पोस्ट में पुलिस ने लिखा कि ऑस्ट्रोलेका में म्युनिसिपल बीच के पास पुलिस अधिकारियों ने एक 19 साल के युवक को हिरासत में लिया। वह ओस्ट्रोलेका के एक स्कूल के पास और स्कूल परिसर में लोगों पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में संदिग्ध है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सात लोग घायल हैं। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। जिसमें एक व्यक्ति, जंगल वाले इलाके में जमीन पर औंधे मुंह लेटा हुआ दिख रहा था।
सरकारी वकील एल्जबिएटा लुकासिएविज ने हमले को लेकर प्राइवेट ब्रॉडकास्टर टीवीएन24 पर जानकारी दी। उनके अनुसार, यह हमला सुबह करीब नौ बजे हुआ था। हमले पर जानकारी देते हुए अस्पताल के एक्सीडेंट और इमरजेंसी विभाग के एक प्रतिनिधि ने टीवीएन24 को बताया कि घायलों का इलाज ऑस्ट्रोलेका के माजोवियन स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में किया जा रहा है। उन्हें कहीं और नहीं भेजा जाएगा।
ऑस्ट्रोलेका के मेयर पावेल निविआडोम्स्की ने भी इस हमले की पुष्टि की है और कहा कि इसमें कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि स्थिति को काबू में कर लिया गया है। प्राइवेट ब्रॉडकास्टर आरएमएफ एफएम के अनुसार, हमले में ज्यादातर पीड़ित छात्र थे, जबकि एक टीचर भी घायल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *