डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शनिवार को इंडोनेशिया (Indonesia) के जकार्ता में भारत और इंडोनेशिया (India and Indonesia) के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए बॉलीवुड के खास कनेक्शन को भी याद किया। उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया में भारतीय फिल्मों और हिंदी गानों की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। इसका उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने शाहरुख खान की साल 1998 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ (Film Kuch Kuch Hota Hai) के गानों का उल्लेख किया।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता केवल वर्तमान समय का नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो प्राबोवो का भी गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार जताया।
पीएम मोदी ने सुनाया बॉलीवुड कनेक्शन का दिलचस्प किस्सा
जकार्ता में भारतीय समुदाय के बीच अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच बॉलीवुड की लोकप्रियता को खास अंदाज में पेश किया। उन्होंने कहा, “यहां भारत का गाना ‘कुछ कुछ होता है’ बहुत ज्यादा लोकप्रिय है। इस पर आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया जैसे दो महान देश मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ ‘कुछ कुछ’ नहीं रह जाता, बल्कि यह ‘बहुत कुछ होता है’ बन जाता है।” प्रधानमंत्री के इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और भारत-इंडोनेशिया के सांस्कृतिक रिश्तों को एक नया संदर्भ दिया।
धर्मा प्रोडक्शंस ने जताया सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी फिल्म का जिक्र किए जाने से फिल्ममेकर करण जौहर भी बेहद खुश नजर आए। उनकी प्रोडक्शन कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पीएम मोदी के भाषण की एक वीडियो क्लिप साझा की।
वीडियो के साथ धर्मा प्रोडक्शंस ने लिखा कि सिनेमा और संगीत में सीमाओं को पार कर दुनियाभर के लोगों को जोड़ने की अनोखी क्षमता होती है। कंपनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जकार्ता में फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ को दुनियाभर में मिले प्यार और सराहना का उल्लेख करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
‘कुछ कुछ होता है’ रही थी बड़ी ब्लॉकबस्टर
गौरतलब है कि करण जौहर ने साल 1998 में फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी। यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही। फिल्म के गाने दुनियाभर में लोकप्रिय हुए और शाहरुख खान व काजोल की जोड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
भारत के अलावा यह फिल्म यूके, अमेरिका और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी काफी पसंद की गई। इसकी सफलता ने बॉलीवुड को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

