दरभंगा

डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक 07 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारी पूर्ण, लंबित मामलों एवं प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की हुई विस्तृत समीक्षा

दरभंगा:06 जुलाई 2026 समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की आज बैठक हुई।
बैठक में *विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, जन शिकायतों, विकासात्मक योजनाओं तथा आगामी 07 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों* की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में *मानवाधिकार,लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व तथा जन शिकायतों से संबंधित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करें ।उन्होंने कहा कि आवेदनों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
*सहयोग शिविर की तैयारी पूर्ण*
07 जुलाई को जिले के 48 स्थानों पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को भी सहयोग शिविर में आमंत्रित करने का निर्देश दिया तथा सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को शिविर का निरीक्षण करने का निर्देश दिया ।
उन्होंने निर्देश दिया कि सहयोग शिविर के दौरान प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों का सारगर्भित प्रतिवेदन तैयार कर सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।
*8 डिग्री कॉलेज की समीक्षा*

बैठक में जिले के आठ प्रखंडों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के निर्माण एवं संचालन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सिविल कार्यों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा वरीय पदाधिकारियों को भी निरीक्षण कर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
*आपदा प्रबंधन की समीक्षा*

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को संपूर्ति पोर्टल पर आवश्यक सूचनाएँ अद्यतन करने को कहा।
*वासगीत परिचय की समीक्षा*

उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर भूमिहीन परिवारों की पहचान कर उन्हें वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही 25 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण हेतु लंबित भूमि सीमांकन कार्य को शीघ्र पूरा कराने का भी निर्देश दिया।
*प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा*

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समितियों का गठन शीघ्र करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला कल्याण पदाधिकारी को योजनाओं के सतत अनुश्रवण एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुऐ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *