दरभंगा:शैक्षणिक पंचांग के अनुसार संस्कृत विश्वविद्यालय में आचार्य तृतीय सेमेस्टर (2024-26) के छात्रों का वर्गारम्भ 01 जुलाई 2026 से शुरू कर दिया गया। मौके पर कुलपति प्रो.लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने उत्साहवर्धन करते हुए छात्रों को कौशल आधारित शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कर्म यानी क्रियाशीलता एवं कौशल को प्रधानता देने को कहा। साथ ही, नम्रता से विद्याग्रहण करने पर भी बल दिया। कहा कि उत्सवीय माहौल में शिक्षण संस्थानों में अध्यापन कार्य शुरू हो इसके लिए संस्था प्रधान को एक रुपरेखा बना कर शिक्षण देनी चाहिए। अध्यापक भी उत्साहवर्धन करते हुए छात्रों को प्रेरित करें। वहीं, माननीय कुलाधिपति द्वारा सत्रारंभ संदेश को भी सभी छात्र-छात्राएं के समूह में प्रेषित कर सुनाने का आग्रह किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि वर्ग आरम्भ होने से छात्र काफी उत्साहित व खुश थे। इसके लिए ऑनलाइन मीटिंग भी रखी गयी थी जिसमे कुलपति प्रो. पांडेय
ने सभी प्राध्यापकों को भी पठन पाठन के नए टिप्स दिए। विषय प्रस्ताव पर डीएसडब्ल्यू प्रो.पुरेन्द्र वारिक ने एवं विशेष कार्य पदाधिकारी शैक्षणिक डा.रामसेवक झा ने वर्गारम्भ की रुपरेखा पर चर्चा की।

