अन्य

सत्यप्रेम की कथा’ के 3 साल: कैसे कार्तिक आर्यन ने मेनस्ट्रीम सिनेमा में एक जरूरी सामाजिक मुद्दे को दी आवाज़

डेस्क:सत्यप्रेम की कथा’ ने अपनी रिलीज़ के तीन साल पूरे कर लिए हैं। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी अभिनीत यह फिल्म आज भी सिर्फ अपनी खूबसूरत प्रेम कहानी और यादगार संगीत के लिए ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे को संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर लाने के लिए भी याद की जाती है। समीर विद्वांस के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने यह साबित किया कि मनोरंजन के साथ-साथ समाज से जुड़े गंभीर विषयों पर भी प्रभावशाली ढंग से बात की जा सकती है। मुख्य रूप से ‘सत्यप्रेम की कथा’ ने सहमति (कंसेंट), यौन उत्पीड़न से जुड़े मानसिक आघात, पीड़िता को दोषी ठहराने की मानसिकता (विक्टिम ब्लेमिंग) और भावनात्मक रूप से उबरने (हीलिंग) जैसे संवेदनशील विषयों को केंद्र में रखा। फिल्म ने इन मुद्दों को सनसनीखेज बनाने के बजाय बेहद संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे दर्शकों के बीच सार्थक चर्चा शुरू हुई। सच पूछिए तो एक भावनात्मक प्रेम कहानी के साथ सामाजिक संदेश को सहजता से जोड़ने की यही खूबी इसे पारंपरिक कमर्शियल फिल्मों से अलग बनाती है। फिल्म के प्रभाव में कार्तिक आर्यन द्वारा निभाया गया ‘सत्यप्रेम उर्फ सत्तू’ का किरदार सबसे अहम रहा। सत्तू की संवेदनशीलता, समझदारी और अपनी जीवनसाथी के प्रति बिना किसी शर्त के समर्थन ने पुरुष किरदारों की एक नई और सकारात्मक छवि पेश की। इस किरदार ने दिखाया कि एक हीरो की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ बहादुरी नहीं, बल्कि दया, सम्मान और सहानुभूति भी हो सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि सामाजिक संदेश कार्तिक आर्यन की अधिकतर फिल्मों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। ‘आकाश वाणी’ में जहाँ वैवाहिक उत्पीड़न और विषाक्त रिश्तों में फंसी महिलाओं की पीड़ा को सामने रखा, वहीं ‘लुका छुपी’ ने लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषय को मुख्यधारा की चर्चा का हिस्सा बनाया। ‘भूल भुलैया 3’ ने जेंडर आइडेंटिटी को लेकर समाज की पारंपरिक सोच को चुनौती दी, तो ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ ने यह सवाल उठाया कि शादी के बाद केवल महिलाओं से ही अपना घर और परिवार छोड़ने की अपेक्षा क्यों की जाती है? इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए ‘सत्यप्रेम की कथा’ में भी कंसेंट, मानसिक आघात और इमोशनल हीलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक मुख्यधारा की प्रेम कहानी के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया।
यही वजह है कि रिलीज़ के तीन साल बाद भी ‘सत्यप्रेम की कथा’ इस बात का बेहतरीन उदाहरण बनी हुई है कि मुख्यधारा का सिनेमा मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी फैला सकता है। इसकी लगातार बनी हुई लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि ऐसी कहानियां, जो भावनात्मक रूप से दिल को छूने के साथ समाज को सोचने पर मजबूर करें, दर्शकों पर लंबे समय तक अपनी छाप छोड़ती हैं। यही वजह है कि ‘सत्यप्रेम की कथा’ आज भी कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे सार्थक और प्रभावशाली फिल्मों में गिनी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *