डेस्क : गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘ब्रेन 3.0’ कार्यक्रम में एक अनोखा नजारा देखने को मिला।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक प्रोटोकॉल तोड़कर छात्रों के साथ खेत में पहुंच गए और धान की रोपाई की।
खेतों में प्रैक्टिकल कर रहे छात्रों को देखकर केंद्रीय मंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उनके बीच जाकर कृषि कार्यों की बारीकियों को समझा।
कृषि शिक्षा और आधुनिक तकनीकों पर संवाद
खेत में काम करने के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से खेती-किसानी, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों के साथ मिलकर धान के पौधे लगाए और कृषि क्षेत्र में उनकी रुचि व अनुभवों के बारे में जाना।
देश की कृषि उन्नति और भविष्य को संवारने में हमारे युवा कृषि वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों में दिखा भारी उत्साह
केंद्रीय मंत्री के इस सहज, सरल और प्रेरणादायी व्यवहार से विश्वविद्यालय के छात्र बेहद उत्साहित नजर आए। छात्रों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने प्रशिक्षण, शोध और कृषि अनुसंधान से जुड़े अनुभवों को मंत्री के साथ साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर दोनों के बीच विचारों का बेहतरीन आदान-प्रदान हुआ।

