- दरभंगा, 20 जून।(सुरज ठाकुर)
समवेत संस्थानम 1 जून से 20 जून तक आयोजित स्क्रिप्ट राइटिंग एवं रंगमंच प्रशिक्षण इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
समवेत संस्थानम:-8298609057
20 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्रों को स्क्रिप्ट राइटिंग, रंगमंच की बारीकियां, अभिनय कला तथा फिल्म एवं नाट्य लेखन के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षुओं को यह भी बताया गया कि किसी फिल्म, नाटक या अन्य दृश्य माध्यमों के लिए प्रभावशाली पटकथा कैसे लिखी जाती है तथा अभिनय के दौरान किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना आवश्यक होता है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सी.एम. साइंस कॉलेज के मैथिली विभागाध्यक्ष एवं समवेत संस्थानम के संरक्षक . डॉ सत्येंद्र कुमार झा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रचनात्मक लेखन और रंगमंच समाज को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है तथा युवाओं को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से निरंतर जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर समवेत संस्थानम के सचिव शिवम झा शांडिल्य ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य शहर एवं क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न रचनात्मक और व्यावसायिक कौशलों में प्रशिक्षित करना है, ताकि वे अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकें और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को लेखन, अभिनय और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। छात्रों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस इंटर्नशिप से उन्हें स्क्रिप्ट लेखन, अभिनय और रंगमंच की गहन समझ प्राप्त हुई है, जो उनके भविष्य के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।

