दरभंगा । (सुरज ठाकुर) 21 जून 2026 को “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” विषय पर आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा स्वयंसेवकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री फारूक इमाम ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री इमाम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली एवं जन-जागरूकता का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने स्वयंसेवकों से कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम, जो 21 जून 2026 को प्रातः 06:00 बजे डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर, दरभंगा में आयोजित होगा, की तैयारियों की समीक्षा की गई। स्वयंसेवकों को प्रतिभागियों के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, अतिथियों के समन्वय, मार्गदर्शन, जल वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित दायित्वों की जानकारी दी गई।
साथ ही स्वयंसेवकों को समयपालन, अनुशासन, टीम भावना एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि सभी स्वयंसेवकों को अधिकृत Volunteer Identity Card उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कार्यक्रम के दौरान उनकी पहचान एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में उपस्थित स्वयंसेवकों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल, भव्य एवं जनसहभागिता आधारित बनाने हेतु पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया।

