रांची | झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन को महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त मिली है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन ने स्पष्ट कर दिया है कि उसके दोनों विधायक राज्यसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे।
पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि CPI(ML) के दोनों विधायक गठबंधन के समर्थन में वोट डालेंगे और इसके लिए पार्टी ने अपने चुनावी एजेंट भी नियुक्त कर दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को मैदान में उतारने की रणनीति सफल नहीं होगी।
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। INDIA गठबंधन की ओर से JMM के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी चुनाव मैदान में हैं।
विधानसभा में INDIA गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं, जिनमें JMM, कांग्रेस, राजद और CPI(ML) के सदस्य शामिल हैं। वहीं NDA के पास 24 विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि CPI(ML) के समर्थन की औपचारिक घोषणा के बाद INDIA गठबंधन की स्थिति और मजबूत हुई है। हालांकि चुनावी गणित के बीच क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर राजनीतिक दल सतर्क नजर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में एक राज्यसभा सीट शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जबकि दूसरी सीट का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। ऐसे में 18 जून का चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
आशुतोष झा

