डेस्क:केरल में वीआईपी सुरक्षा और नेताओं को मिलने वाली धमकियों को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान अट्टिंगल निवासी सोनी थॉमस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजकर 50 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने तिरुवनंतपुरम सिटी जिला पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (डीपीसीसी) में फोन कर दावा किया कि वह मुख्यमंत्री और उनके परिवार की हत्या कर देगा। इस संबंध में एक प्राथमिकी में कहा गया है कि जब उससे इसका कारण पूछा गया तो कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि उसे सतीशन पसंद नहीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने शाम छह बजकर 53 मिनट पर दोबारा फोन किया और फिर धमकी दी। प्राथमिकी के अनुसार, फोन कॉल रिसीव करने वाले पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र का इस्तेमाल करने के साथ ही आरोपी ने यह भी पूछा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं या नहीं। इसके तुरंत बाद कैंटोनमेंट पुलिस ने मामला दर्ज कर उस फोन नंबर का पता लगाना शुरू किया। शनिवार सुबह पुलिस ने अट्टिंगल से थॉमस को हिरासत में ले लिया।

