दरभंगा (नासिर हुसैन)। जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती का ‘हाईवे हवेली’, सकरी में शोएब अहमद खान ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।इस मौके पर जन सुराज पार्टी के राज्य कार्यवाहक सदस्य शोएब अहमद खान ने कहा कि मिथिला की धरती पर वह दिल की गहराइयों से मनोज भारती का स्वागत करते हैं। शोएब अहमद खान ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर व गुलदस्ता से उनका स्वागत किया। मनोज भारती ने कहा कि आज बिहार की जनता जन सुराज पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है। आनेवाले विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी मज़बूती के साथ 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जन सुराज पार्टी का अभियान बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। लगातार लोग जन सुराज पार्टी से जुड़ रहे हैं और अपना समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में पूरी पारदर्शिता का ख्याल रखा जाएगा और समाज के जागरूक और श्रेष्ठ लोगों का चयन किया जाएगा। शोएब अहमद खान ने कहा कि हम सकारात्मक राजनीति करने में यक़ीन रखते हैं और समाज के दबे-कुचले व शोषित लोगों को मुख्यधारा में लाने की बात करते हैं जो ज़रूरी है। अन्य दलों ने जातपात और धर्म की राजनीति कर बिहार को बदहाली और अंधकार में धकेल दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।