डेस्क: पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय ने भाजपा नेतृत्व से सायोनी घोष को पार्टी में न लेने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया और सायोनी घोष के पुराने विवादित पोस्ट का हवाला दिया। तथागत रॉय ने कहा कि मैंने पुलिस में शिकायत भी की थी लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला।
तथागत रॉय का बयान
तथागत रॉय ने X पर एक पोस्ट में कहा, “बाकी बातों से मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता। लेकिन TMC सांसद सायोनी घोष ने एक मीम पोस्ट किया था जिसमें शिवलिंग पर कंडोम चढ़ाया हुआ दिखाया गया था। इसने मुझे अंदर तक झकझोर कर रख दिया। मैंने उनके ख़िलाफ कोलकाता के रबींद्र सरोवर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी- लेकिन जैसा कि उम्मीद थी, उसका कोई नतीजा नहीं निकला। फिर उन्होंने TMC के चुनाव प्रचार के दौरान एक गाना गाया, जिसमें कहा गया था कि उनकी आंखों में काबा और दिल में मदीना है। भगवान शिव के वास्ते, उनसे कोई वास्ता न रखें।” तथागत रॉय ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी को टैग किया।
बिखर गई ममता की सत्ता
राजनीति में कहा जाता है कि वक्त बहुत ताकतवर होता है, जब आपका वक्त अच्छा होता है तो नेता, भीड़, कार्यकर्ता आपके साथ होते हैं लेकिन जब वक्त कमजोर होता है तो आप अकेले होने लगते हैं। ऐसा ही कुछ पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी के साथ हो रहा है।
टीएमसी के 20 सांसदों ने की है बगावत
खबर आ रही है कि टीएमसी के 20 सांसदों ने पार्टी से बगावत की है और इसमें सायोनी घोष का नाम भी शामिल है। हालांकि सायोनी घोष ने अभी तक इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक बागी सांसदों का नेतृत्व कर रही काकोली घोष ने सायोनी घोष के बागी गुट में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल का उत्तर हां में दिया है।
सोमवार को काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में टीएमसी के 28 लोकसभा सांसदों में से 20 ने स्पीकर ओम बिरला से कहा कि वे टीएमसी पार्लियामेंट्री पार्टी से रिश्ता तोड़ने के बाद बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA में शामिल होना चाहते हैं। हालांकि अभी यह साफ़ नहीं है कि 20 सांसदों की लिस्ट में कौन-कौन हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान लोकप्रिय हुईं सायोनी घोष
इस साल विधानसभा चुनाव से पहले एक्टर से नेता बनीं सायोनी घोष ने अपने जोशीले भाषणों कविताओं और बीजेपी पर तीखे हमलों से ज़मीनी और ऑनलाइन, दोनों जगह लोकप्रियता हासिल की। सयोनी घोष के भाषणों पर गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के बड़े नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

