प्रादेशिक

देहरादून: ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के मद्देनजर, पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

देहरादून : प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

मंत्री कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्राम पंचायतों के विकास की दृष्टि से प्रदेश को एक आदर्श राज्य के रुप में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतें सभी मूलभत सुविधाओं जैसे- पेयजल, दूरसंचार, सड़क, विद्युत, नाली आदि से आच्छादित हो सकें, इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि कार्य योजना में यह शामिल हो कि प्रदेश के जनपदों में जिलाधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग समिति का गठन किया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भारत सरकार की केन्द्र पोषित योजना राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत अधिक से अधिक धनराशि की मांग की जाए, ताकि ग्राम पंचायतों को सभी आवश्यक सुविधाओं से परिपूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि चूंकि प्रदेश में स्थित ऐसी 382 ग्राम पंचायतें जहां ग्राम पंचायत भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है उनके निर्माण के लिए राज्य सेक्टर के अनुपूरक बजट में आवश्यकतानुसार धनराशि की मांग का प्रस्ताव तैयार किया जाए।

 

बैठक में पंचायतीराज विभाग से सचिव पराग मधुकर धकाते, निदेशक निधि यादव, संयुक्त निदेशक हिमाली जोशी पेटवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *