डेस्क: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व भारत, दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों तथा उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है।
कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मानसून की रफ्तार बरकरार
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी वर्षा बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में फिलहाल राहत
राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश का दौर थम गया है। 1 से 3 जून तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि दोपहर बाद करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-बारिश का असर
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और मेरठ समेत कई शहरों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार में 1 से 6 जून तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के साथ 4 से 6 जून के बीच लू चलने की भी आशंका जताई गई है।
राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में चेतावनी
राजस्थान में अगले सात दिनों तक कई स्थानों पर बारिश, धूलभरी आंधी और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 6 जून तक गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
झारखंड समेत कई राज्यों में अलर्ट
झारखंड में 1 से 6 जून तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो सहित कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

