कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने एक बार फिर विपक्षी INDIA गठबंधन को एकजुट करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि जून के पहले सप्ताह में विपक्षी दलों की बैठक हो सकती है, जहां आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
ममता बनर्जी ने फेसबुक लाइव के जरिए बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए चुनावी धांधली के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 150 सीटों पर नतीजों में गड़बड़ी हुई और अगर ऐसा नहीं होता तो टीएमसी 220 से ज्यादा सीटें जीत सकती थी। ममता ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर भी सवाल उठाए और कहा कि लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए।
वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु की राजनीति ने INDIA गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांग्रेस के कुछ विधायकों द्वारा टीवीके को समर्थन देने से डीएमके नाराज बताई जा रही है। डीएमके युवा विंग प्रमुख उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पर “पीठ में छुरा घोंपने” का आरोप लगाया और भविष्य में भरोसा न करने की बात कही।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर कांग्रेस और डीएमके के रिश्तों में सुधार नहीं हुआ तो विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है। वहीं बीजेपी ने ममता बनर्जी के आरोपों को हार की बौखलाहट करार दिया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि ममता चुनावी नतीजों को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं और इसलिए साजिश की बातें कर रही हैं।
आशुतोष झा

