मुंबई : देश में युवाओं और बेरोज़गारी को लेकर चल रही बहस के बीच “कॉकरोच जनता पार्टी” सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। इस ऑनलाइन अभियान की शुरुआत सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके ने की, जिसे अब बड़ी संख्या में जेन जी युवाओं का समर्थन मिल रहा है।
दरअसल, युवाओं को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के बाद इंटरनेट पर नाराज़गी बढ़ गई। इसी के जवाब में अभिजीत दीपके ने “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक पैरोडी राजनीतिक अभियान शुरू किया। उनका कहना है कि अगर युवाओं को “कॉकरोच” और “परजीवी” कहा जा रहा है, तो वही शब्द विरोध की पहचान बन सकते हैं।
अभिजीत दीपके के मुताबिक, शुरुआत में यह सिर्फ मज़ाक और व्यंग्य के तौर पर शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही घंटों में लाखों युवा इससे जुड़ने लगे। इसके बाद पार्टी की वेबसाइट बनाई गई, घोषणापत्र जारी किया गया और ऑनलाइन सदस्यता अभियान शुरू किया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़े और बड़ी संख्या में युवाओं ने खुद को इस अभियान का हिस्सा बताया।
इस अभियान में खास तौर पर जेन जी यानी नई पीढ़ी के युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। बेरोज़गारी, सिस्टम से नाराज़गी और डिजिटल दौर की चुनौतियों को लेकर युवा मीम्स, वीडियो और पोस्ट के जरिए अपनी बात खुलकर रख रहे हैं।
हालांकि राजनीतिक जानकार इसे फिलहाल सोशल मीडिया ट्रेंड और डिजिटल विरोध का नया तरीका मान रहे हैं, लेकिन यह साफ है कि नई पीढ़ी अब अपनी आवाज़ उठाने के लिए पारंपरिक राजनीति से अलग रास्ता अपना रही है।
आशुतोष झा

