डेस्क:देश के भीतर जारी तेज़ राजनीतिक और आर्थिक हलचलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी गुरुवार शाम 4 बजे दिल्ली के ‘सेवा तीर्थ’ में केंद्रीय मंत्रिपरिषद (Council of Ministers) की एक बेहद महत्वपूर्ण और आपात बैठक बुलाई है। सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने इस बैठक की गंभीरता को देखते हुए सभी केंद्रीय मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को अनिवार्य रूप से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटने के तुरंत बाद हो रही इस बैठक को बेहद रणनीतिक माना जा रहा है, जिसमें कई बड़े नीतिगत और राजनीतिक फैसले लिए जा सकते हैं। उम्मीद है कि इसमें सभी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और राज्य मंत्री शामिल होंगे। इंडिया टुडे’ को मिली जानकारी के अनुसार, चर्चा के दौरान पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और भारत पर इसके संभावित आर्थिक असर का मुद्दा उठने की उम्मीद है। क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच, सरकार तेल की कीमतों, ईंधन आपूर्ति श्रृंखलाओं और महंगाई से जुड़ी चिंताओं पर बारीकी से नज़र रख रही है।

