स्थानीय

दरभंगा : NSUI ने फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला

दरभंगा : नीट पेपर लीक को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ़ नारेबाजी करते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के आनंदपुर में रैली निकालते हुए चौक पर आकर धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।

रैली का नेतृत्व कर रहे दरभंगा जिला एनएसयूआई के महासचिव तिरूपतिनाथ चौधरी ने कहा कि इस पेपर लीक ने देश के युवाओं के सपनों को बर्बाद कर दिया है और सरकार पेपर लीक माफिया के आगे सरेंडर है। करोड़ों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सिस्टम में बैठे लोग उनके सपनों का सौदा कर देते हैं। ये सिर्फ नाकामी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के साथ खुला विश्वासघात है। हर बार देश के भविष्य युवा को ही क्यों धक्का खाना होता है।

वहीं, मौके पर मौजूद यूनिवर्सिटी अध्यक्ष भाई नसरूल्लाह ने सरकार पर जमकर हमला बोला और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की माँग की। उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार केंद्र में आई है, तब से दर्जनों पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं। फिर भी दोषी पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उसे एक अच्छा पद देकर संरक्षण देती है। सरकार अगर निष्पक्ष है तो सबसे पहले वह नाकाम एनटीए को भंग करे, क्योंकि देश को ऐसी भ्रष्ट संस्था की कोई जरूरत नहीं है!

वहीं, एमआरएसएम कॉलेज अध्यक्ष शालिनी कुमारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री युवाओं के प्रति थोड़ा भी ईमानदार होते तो माफिया जेल में होते, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होता और भविष्य के डॉक्टर-इंजीनियर का जीवन सुरक्षित होता। पर, मोदी जी तो देश के युवाओं को हाथ में कलम की जगह कड़ाही पकड़ते हुए और पकौड़ा तलते हुए देखना चाहते हैं।

मौके पर उपस्थित रहे हायाघाट विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस अध्यक्ष मो. चांद ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के छात्रों के भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, NEET पेपर लीक में संलिप्त जो भी मंत्री-विधायक हैं, उन्हें जल्द से जल्द निष्कासित किया जाए और ऐसे शिक्षा माफिया जो देश के छात्रों के भविष्य को बर्बाद कर रहे, वैसे अपराधी को कड़ी सजा दी जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी का छात्र संगठन इससे भी बड़ा आंदोलन करेगा।

मौके पर संगठन के प्रदेश महासचिव नरेन्द्र झा, एमआरएसएम कॉलेज प्रभारी अंशुमन ठाकुर, उपाध्यक्ष सिद्धि कुमारी, अमर पासवान, मो. आरजू, मनीष झा, विवेक कुमार, मो. अयान, शानू, हुजैफा, शाकिब, साहिल सिंह, रोहित पासवान, विश्वविद्यालय महासचिव मो. अफ़रोज़ आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *