अन्य

प्रेमानंद महाराज ने धारण किया मौन व्रत, पदयात्रा और दर्शन भी बंद

मथुरा/वृंदावन: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। आश्रम प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रेमानंद महाराज ने पूर्ण मौन व्रत धारण कर लिया है। इसके साथ ही उनकी दैनिक पदयात्रा, एकांतिक दर्शन और भक्तों से वार्ता को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक पिछले दो दिनों से उनकी पदयात्रा और दर्शन कार्यक्रम रोके गए थे, जिसे अब अनिश्चितकाल तक बढ़ा दिया गया है। आश्रम की ओर से सोशल मीडिया पर भक्तों से अपील की गई है कि वे फिलहाल दर्शन के लिए वृंदावन न आएं और महाराज के स्वास्थ्य लाभ तथा साधना में सहयोग करें।

बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनी प्रभावित हैं और डॉक्टरों की निगरानी में नियमित डायलिसिस चल रहा है। हाल ही में डायलिसिस के बाद उन्हें काफी कमजोरी महसूस हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी। स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ही उन्होंने मौन व्रत और आध्यात्मिक विश्राम का निर्णय लिया है।

अचानक लिए गए इस फैसले से उनके भक्तों में मायूसी देखी जा रही है। दूर-दूर से वृंदावन पहुंच रहे श्रद्धालु आश्रम के बाहर से ही प्रणाम कर वापस लौट रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर देश-दुनिया के भक्त प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों के बावजूद प्रेमानंद महाराज लगातार पदयात्रा, सत्संग और भक्तों से संवाद करते रहे हैं। यही कारण है कि उनके विश्राम लेने की खबर ने भक्तों को भावुक कर दिया है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *