डेस्क: अमेरिका (US) में गन वायलेंस (gun violence) और हेट क्राइट (Hate Crime) से जुड़ा एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. कैलिफोर्निया के सैन डिएगो (San Diego) काउंटी स्थित सबसे बड़े इस्लामिक (Mosque ) सेंटर के बाहर सोमवार को दो नाबालिग बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग (Firing) कर दी.
इस भीषण हमले में एक सुरक्षा गार्ड समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावरों ने भी पास की एक गली में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई और स्थानीय पुलिस इस घटना को मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाकर किया गया ‘संदिग्ध हेट क्राइम’ मानकर जांच कर रही हैं.
दोपहर की नमाज से ठीक पहले खूनी तांडव
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह वारदात दोपहर करीब 12 बजे से ठीक पहले हुई, जब लोग मस्जिद परिसर में मौजूद थे. अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने से वहां नमाजियों और परिसर के भीतर चल रहे स्कूल के बच्चों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
सैन डिएगो के पुलिस प्रमुख स्कॉट वाह्ल ने बताया कि हमले के तुरंत बाद भारी संख्या में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और मस्जिद परिसर के भीतर डे-स्कूल में पढ़ रहे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, किसी भी बच्चे को आंच नहीं आई है.
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे मस्जिद की इमारत के बाहर तीन पुरुषों के शव मिले, जिन्हें गोलियों से भूना गया था. मृतकों में से एक मस्जिद का सुरक्षा गार्ड था. अधिकारियों ने बताया कि इस जांबाज सुरक्षाकर्मी ने अपनी जान पर खेलकर हमलावरों को मुख्य इमारत के भीतर घुसने से रोका, जिससे एक बहुत बड़ा नरसंहार होने से टल गया.
कार में मिलीं हमलावरों की लाशें
हमले के कुछ ही देर बाद, जांचकर्ताओं को पास की एक सड़क पर खड़ी एक संदिग्ध कार के भीतर दो किशोरों (उम्र 17 और 19 वर्ष) के शव मिले. पुलिस का मानना है कि ये दोनों ही मस्जिद पर हमला करने वाले मुख्य शूटर थे, जिन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को गोली से उड़ा लिया.
इस घटना के कुछ ही ब्लॉक दूर एक माली (लैंडस्केपर) पर भी फायरिंग की खबर आई थी, हालांकि वह सुरक्षित है और पुलिस जांच कर रही है कि क्या उसका संबंध भी इसी मस्जिद हमले से है. फिलहाल एफबीआई और स्थानीय एजेंसियां हमलावरों के डिजिटल रिकॉर्ड्स खंगाल रही हैं ताकि इस जघन्य नफरती अपराध के पीछे के असली मकसद और साजिश का पूरी तरह खुलासा हो सके.

