अंतरराष्ट्रीय

US : एयर शो के दौरान आपस में टकराए दो F18 लड़ाकू विमान, क्रैश होते ही बने आग का गोला, वीडियो वायरल

डेस्क: अमेरिका (US)  के ‘माउंटेन होम एयरफोर्स बेस’ में आयोजित एयर शो (air show) के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब दो अमेरिकी EA-18G ग्राउलर लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. हादसे के बाद एयरबेस को तत्काल लॉकडाउन कर दिया गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बीच आसमान में हुई इस भीषण टक्कर के बाद विमानों के परखच्चे उड़ गए . स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे (स्थानीय समय) की है, जिसके तुरंत बाद घटना स्थल से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे का शिकार हुए विमान अमेरिकी नौसेना/वायुसेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले दो EA-18G ग्राउलर (Growler) फाइटर जेट्स थे, जो F-18 हॉरनेट का ही एक उन्नत इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर वेरिएंट हैं. अधिकारियों ने बताया कि दोनों जेट एयरबेस से लगभग दो मील दूर जाकर गिरे. फिलहाल आपातकालीन दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे करतब दिखाते वक्त दोनों विमान आपस में टकरा जाते हैं और उनके टुकड़े हवा में बिखर जाते हैं. लेकिन इस भयानक मंजर के बीच एक चमत्कार हुआ. टक्कर के ठीक कुछ सेकेंड बाद आसमान में चार पैराशूट खुलते हुए दिखाई दिए.
‘इडाहो स्टेट्समैन’ के अनुसार, शो के उद्घोषक ने दर्शकों को जानकारी दी कि सभी चारों क्रू मेंबर्स (पायलट) सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर चुके हैं और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं.
8 साल बाद हो रहा था शो
माउंटेन होम एयरफोर्स बेस के प्रवक्ता ने बताया कि जांच टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस दुर्घटना के तुरंत बाद रविवार को होने वाले अन्य सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया. गौर करने वाली बात यह है कि यह ‘गनफाइटर स्कीज एयर शो’ पूरे आठ साल के लंबे इंतजार के बाद इस वीकेंड पर आयोजित किया गया था.
आयोजक पिछले दो साल से इसकी तैयारियों में जुटे थे, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के माहौल को डर में बदल दिया. इस क्रैश ने माउंटेन होम एयरबेस पर पहले हुए हादसों की यादें ताजा कर दी हैं. इससे पहले साल 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर पायलट की रनवे पर क्रैश होने से मौत हो गई थी, जबकि 2003 में भी यहां एक थंडरबर्ड जेट क्रैश हुआ था, जिसमें पायलट समय रहते इजेक्ट कर गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *