अंतरराष्ट्रीय

शिकागो के पास सड़क हादसे में 25 साल की भारतीय छात्रा की मौत, छह अन्य घायल

डेस्क: अमेरिका में शिकागो के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 25 साल की एक भारतीय छात्रा की जान चली गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर रात इंडियाना राज्य के लेक काउंटी में क्राउन पॉइंट शहर के पास इंटरस्टेट 65 हाईवे पर हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों ने मृत छात्रा की पहचान नव्या गडूसू के रूप में की है। लेक काउंटी कोरोनर कार्यालय ने रविवार रात 12 बजकर 16 मिनट पर नव्या को मृत घोषित कर दिया।

कोरोनर कार्यालय की रिपोर्ट में बताया गया है कि नव्या की मौत वाहन दुर्घटना के दौरान शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण हुई। शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में नव्या के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की। दूतावास ने कहा कि वे मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। साथ ही, वे उन दोस्तों और समुदाय के सदस्यों के भी संपर्क में हैं जो हादसे में घायल हुए लोगों की मदद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *