दरभंगा : शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितता, भ्रष्टाचार, पारदर्शिता की कमी एवं छात्रों के भविष्य से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय गौड़ाबौराम में एक दिवसीय भूख हड़ताल लोजपा प्रखंड अध्यक्ष (रामविलास) सह आरटीआई कार्यकर्ता राज कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इस भूख हड़ताल के माध्यम से निम्नलिखित 11 सूत्री मांगें प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समक्ष रखी गईं —
1. पीएमश्री आसी उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध एवं शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
2. गौड़ाबौराम प्रखंड अंतर्गत सभी उच्च विद्यालयों के शिक्षकों की वरियता सूची सार्वजनिक की जाए।
3. आसी उच्च विद्यालय एवं गौड़ा मानसिंह उच्च विद्यालय को प्राथमिकता देते हुए पिछले 10 वर्षों की आय-व्यय विवरणी, विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक रजिस्टर एवं समिति द्वारा पारित प्रस्तावों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
4. पीएमश्री आसी उच्च विद्यालय में पिछले 10 वर्षों में विकास कार्यों से संबंधित प्राप्त एवं खर्च राशि तथा उससे संबंधित सभी अभिश्रव/उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं प्रमाणित दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।
5. पीएमश्री आसी उच्च विद्यालय में पिछले एक वर्ष के अभिभावक (Parents) बैठक रजिस्टर की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए।
6. सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराए जाने एवं आवेदकों को अनावश्यक रूप से अपील में जाने के लिए बाध्य करने के मामलों की जांच कर दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
7. विद्यालयों में छात्रों को नियमित रूप से जिम एवं शारीरिक अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सभी विद्यालयों में जिम सामग्री एवं उसके उपयोग की जांच की जाए।
8. प्रखंड क्षेत्र के सभी मध्य विद्यालयों के शिक्षकों की वरियता सूची उपलब्ध कराई जाए।
9. नाड़ी पंचायत के सभी विद्यालय (मदरसा, उर्दू, हिंदी) एवं मध्य विद्यालय वरदाहा के नामांकन, उपस्थिति एवं विकास मद में हुए खर्च की उच्चस्तरीय जांच की जाए।
10. लेखपाल सह डाटा ऑपरेटर श्री रघुनाथ दास, जो पिछले 14 वर्षों से BRC में पदस्थापित हैं, उनके कार्यकाल की जांच की जाए। साथ ही विद्यालयों के मेकर-चेकर ID, PASSWORD, ECO CLUB, खेल सामग्री एवं सरकारी कॉपी वितरण से संबंधित कार्यों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
11. विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं छात्रों की मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए।
भूख हड़ताल के दौरान राज कुमार झा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यदि प्रशासन द्वारा मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
भूख हड़ताल में निरंजन सिंह, रंजीत पासवान, सुमन सिंह, रोहित सिंह, संजय सिह, मनोज सिंह, रविंद्र यादव, सुरेंद्र मुखिया, हीरा मुखिया, राज किशोर मुखिया, संतोष पासवान, बेचनी देवी, फूलतोरनी देवी, रजिया देवी आदि भी शरीक रहे।

