
दरभंगा। महारानी कल्याणी महाविद्यालय में विगत महीने नमामि गंगे परियोजना के तहत दरभंगा समाहरणालय के तत्वावधान में जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा नमामि गंगे परियोजना के माध्यम से गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026 कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित “जल अर्पण और गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण रैली” में सक्रिय रहनेवाले छात्र-छात्राओं के सहभागिता के लिये प्रमाण-पत्र वितरण सह सम्मान-समारोह का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। श्री रहमतुल्लाह ने कहा समाज में जागरूकता लाने का अहम माध्यम हमारी छात्र-छात्रा हैं, जो राष्ट्र निर्माण की दिशा में भविष्य की पूंजी हैं। शिक्षकों का सबसे प्रथम कर्तव्य है छात्र-छात्राओं को उसके शैक्षणिक सिलेबस को पूरा करते हुए उसके अंदर छिपे हुनर को तराशें ताकि जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रियेटर बनें हमारी छात्र-छात्राएं। अतिथि, जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने कहा आज नदियों व तालाबों को सिर्फ प्रदूषण से बचाने का ही समय नहीं है बल्कि उसकी स्वच्छता,अविरलता, पारिस्थितिकी को बेहतर बनाना भी जरूरी है। क्योंकि नदियों व तालाबों के सिमटने से जल संकट, कृषि पर असर, आर्थिक संकट, पर्यावरणीय असंतुलन, जनसंख्या विस्थापन व मानव सभ्यता के पतन का खतरा मंडरा रहा है। महाविद्यालय के बर्सर डॉ. सच्चिदा नंद मिश्र, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रंजन कुमार ठाकुर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ. अभय कुमार व खेल पदाधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र सहित सभी विभागों के शिक्षक व कर्मी प्रधान सहायक कन्हाई कुमार चौधरी, सहायक शेखर कुमार चौधरी, सुमन कुमार झा, राकेश कुमार ठाकुर व अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
