राष्ट्रीय

सिर मुंडवाया, मारा-पीटा और भरवाया सिंदूर…भीड़ का क्रूर चेहरा, प्रेमी जोड़े को दी तालिबानी सजा

डेस्क: बिहार (Bihar) के कटिहार जिले (Katihar District) से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी पार गोवराही दियरा के घाट टोला गांव में ग्रामीणों ने दो नाबालिग लड़का-लड़की को कथित तौर पर मक्का के खेत में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया. भीड़ ने पहले दोनों को खूंटे से बांधकर जमकर पिटाई की, फिर लड़के का आधा सिर मुंडवा दिया और अंत में गांव वालों की मौजूदगी में जबरन शादी करा दी.
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि गांव में भारी भीड़ जुटी हुई है. ग्रामीणों के बीच खड़े नाबालिग लड़के का आधा सिर मुंडवाया जा रहा है, जबकि डरे-सहमे दोनों नाबालिगों को लोगों के सामने अपमानित किया जा रहा है. इसके बाद लड़के से लड़की की मांग में सिंदूर भरवाया जाता है और जबरन शादी कराई जाती है. बताया जा रहा है कि दोनों की उम्र महज 15 और 16 साल है.
भीड़ ने नाबालिग लड़के-लड़की को पीटा
ग्रामीणों के अनुसार दोनों को गांव के पास मक्का के खेत में संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया था. इसके बाद देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने या कानून का सहारा लेने के बजाय खुद ही फैसला सुनाना शुरू कर दिया. भीड़ ने दोनों को बंधक बनाकर घंटों तक प्रताड़ित किया. इस दौरान वहां मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोग पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे कानून और मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया है. लोगों का कहना है कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है.
जबरन करा दी शादी
नाबालिगों के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट और जबरन शादी कराना बेहद गंभीर मामला है. मामले की जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस हरकत में आई. कुरसेला थाना पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों नाबालिगों के परिजनों से पूछताछ की. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वीडियो के आधार पर दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और नाबालिगों के साथ मारपीट किसने की. इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की मानसिकता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग लगातार प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *