शोभन-एकमी से अललपट्टी तक एलिवेटेड सड़क का होना है निर्माण
फोरलेन परियोजना के तहत 338 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क
दरभंगा : एम्स कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क निर्माण को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। शोभन-एकमीघाट से अल्लपट्टी तक बनने वाली इस एलिवेटेड सड़क को शोभन-एकमी फोरलेन परियोजना का हिस्सा है, जिसकी कुल लंबाई करीब 10-11 किलोमीटर है और इस पर लगभग 338 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
परियोजना को गति देने के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में एसडीएम विकास कुमार के नेतृत्व में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पहले हजमा चौक तक अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहीं अब अल्लपट्टी की ओर आगे बढ़ते हुए प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर तैनात दिखे। दो बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाते हुए प्रशासन आगे बढ़ता नजर आया। इस दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के सामने विरोध ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।
एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि यह एलिवेटेड सड़क शहर को जाम से राहत दिलाने और एम्स तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्राथमिकता वाली विकास परियोजना है और आम लोगों का भी इसमें सहयोग मिल रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

