डेस्क: नेपाल की राजधानी काठमांडू (Kathmandu) के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Tribhuvan International Airport) पर रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब इस्तांबुल से आए तुर्किश एयरलाइंस (turkish airlines) के विमान के टायर में लैंडिंग के तुरंत बाद आग लग गई। विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे। अचानक उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान रनवे पर उतर चुका था, तभी उसके एक टायर से धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकेंड में आग दिखाई देने लगी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दमकल की गाड़ियां विमान के आसपास नजर आ रही हैं।
स्थिति बिगड़ती देख एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में आग लग गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार विमान में कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारी भी यात्रा कर रहे थे। हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल तकनीकी टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

